जबलपुर। एमपी के जबलपुर में माढ़ोताल स्थित चुंगी नाका स्थित शराब दुकान में बीती शाम 7 बजे प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे वसूलने और मुफ्त में शराब मांगने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच टकराव हो गया, जिसमें दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी, राड से हमला किया। हमले में दोनों पक्षों के लोगों को गंभीर चोटें आई है।
पुलिस को पूछताछ में आकाश यादव चुंगी नाका दुकान पर किंगफिशर बियर लेने गया था, तब सेल्समैन ने तय कीमत से ज्यादा पैसों की मांग की। आकाश द्वारा इसका विरोध करने और मोबाइल से फोन लगाने पर कर्मचारियों ने उसका फोन छीन लिया। जब अमित यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, तो दुकान मालिक पहरियाजी का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने दोनों भाइयों को दुकान के भीतर खींच लिया। आरोपियों ने कमरे का दरवाजा बंद करके लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर मौजूद विक्की सोनी और सोनू चौबे ने इसकी सूचना घायल के पिता रामसुजान यादव को दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। वही शराब दुकान के सेल्समैन आकाश चौधरी ने पुलिस में क्रॉस केस दर्ज कराते हुए मामले को अलग मोड़ दिया है। सेल्समैन का आरोप है कि रविवार शाम को अमित यादव और आकाश यादव दुकान के काउंटर पर आए थे। दोनों भाई रौब झाड़ते हुए दुकान से मुफ्त में शराब की मांग कर रहे थे। जब सेल्समैन ने बिना पैसों के शराब देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान के स्टाफ पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। माढ़ोताल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर मामले की जांच और घायलों का मेडिकल परीक्षण शुरू कर दिया है।
जबलपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, ज्यादा रुपए वसूलने, मुफ्त शराब मांगने पर हुआ टकराव
प्रेषित समय :17:13:01 PM / Mon, Jun 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





