जबलपुर। एमपी के जबलपुर में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत बिना वैध दस्तावेजों और फिटनेस प्रमाणपत्र के चल रही स्कूल बसों पर कार्रवाई की गई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा ने बताया कि जिले में पंजीकृत लगभग 800 स्कूल बसों में से केवल 550 के पास ही वैध फिटनेस और परमिट हैं।
नियमों का उल्लंघन कर रही लगभग 250 अनफिट बसों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों पर खरी न उतरने वाली और बिना फिटनेस संचालित बसों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई से नियम तोडऩे वाले बस ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया है। आरटीओ ने अब तक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों से लगभग 6 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है, और यह अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानदंडों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। बसों में अनिवार्य पीला रंग, खिड़कियों पर हॉरिजॉन्टल ग्रिल, 5-5 किलो के कार्यशील अग्निशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन की जांच की जा रही है। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर वाहनों के परमिट निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा में अभिभावकों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया है।
जबलपुर में 800 स्कूल बसों में से सिर्फ 550 ही वैध फिटनेस व परमिट पर दौड़ रही, आरटीओ ने वसूला 6.60 लाख रुपए जुर्माना
प्रेषित समय :04:34:18 AM / Thu, Jul 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





